Date: 15/07/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप; खाली कराया परिसर.

7/15/2026 4:03:38 PM IST

19
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से आज पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। डाकघर प्रशासन को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें साइनाइड गैस बम से मुख्य डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल में  आज दोपहर के 1 बजे विस्फोट करने की बात लिखी गई थी।धमकी भरा ईमेल मिलते ही डाकघर प्रशासन ने तत्काल एहतियात बरतते हुए पूरे परिसर को खाली कराया। डाकघर में मौजूद सभी कर्मचारी और काम से पहुंचे आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस, जिला प्रशासन और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान चलाया। प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। हालांकि सुरक्षा की दृष्टिकोण से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हैं। पोस्ट मास्टर राजीव कुमार ने बताया कि ईमेल करीब 11 से 11:30 बजे के बीच प्राप्त हुआ। मेल में लिखा गया था कि किसी व्यक्ति का अपमान किए जाने के कारण वह साइनाइड गैस बम से पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय को उड़ाएगा। इसके बाद तत्काल प्रशासन को सूचना दी गई और पूरे कार्यालय को खाली करा दिया गया। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे परिसर की जांच की।
बता दे की इससे पहले भी धनबाद कोर्ट परिसर को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, जो जांच के बाद अफवाह साबित हुई थी। फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान, आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।
 
 कोयलांचल लाइव डेस्क