Date: 16/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पुलिस की दंगा-रोधी मॉक ड्रिल, कानून-व्यवस्था से निपटने की तैयारी पर दिया जोर

7/16/2026 12:51:50 PM IST

12
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर में किसी भी विषम परिस्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस केन्द्र, गोलमुरी में व्यापक दंगा-रोधी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप प्रशिक्षण लिया। पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में आयोजित इस मॉक ड्रिल में पुलिस अधीक्षक नगर और सहायक पुलिस अधीक्षक मुख्यालय-प्रथम भी मौजूद रहे। अभ्यास में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने भाग लिया। मॉक ड्रिल के दौरान भीड़ नियंत्रण, उपद्रवियों पर प्रभावी कार्रवाई, त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वित ऑपरेशन और आपातकालीन हालात से निपटने के तरीकों का प्रदर्शन किया गया। जवानों को यह भी बताया गया कि किसी भी अप्रिय स्थिति में संयम, सतर्कता और रणनीति के साथ कार्रवाई करते हुए जन-धन की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करनी है। अभ्यास में दंगा-रोधी हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, शील्ड, लाठी और गैस मास्क सहित आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने जवानों को इन संसाधनों के सही और प्रभावी उपयोग की जानकारी दी तथा उनकी परिचालन क्षमता और तत्परता का आकलन किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे नियमित अभ्यास से पुलिस बल का आत्मविश्वास बढ़ता है और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उनकी कार्यकुशलता मजबूत होती है। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी समय-समय पर ऐसे मॉक ड्रिल आयोजित किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात या संवेदनशील स्थिति में पुलिस पूरी तैयारी के साथ जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रख सके। 
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट