Date: 17/07/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 JSLPS की महिलाओं ने डीसी से की शिकायत, क्लस्टर बदलाव और उच्च स्तरीय जांच की मांग

7/17/2026 7:17:46 PM IST

79
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जमशेदपुर: जमशेदपुर में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) से जुड़ी महिलाओं ने उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर सदर प्रखंड के विभिन्न क्लस्टरों में कथित अनियमितताओं को लेकर शिकायत की। महिलाओं ने क्लस्टर में बदलाव, जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कार्रवाई और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि जो सदस्य क्लस्टर में बदलाव या अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाती हैं, उन्हें पंचायत से हटा दिया जाता है। उनका कहना है कि कई महिलाओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया गया है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सदर प्रखंड के सभी पांच क्लस्टरों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि गरीब महिलाओं को योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल रहा है, जिससे वे सरकारी सुविधाओं से वंचित हो रही हैं। महिलाओं ने क्लस्टर कोऑर्डिनेटर मंजूरी मायती को हटाने की मांग भी की। इसके अलावा बागबेड़ा क्लस्टर की अध्यक्ष मीनाक्षी देवी, सचिव सुमित्रा नाग, कोषाध्यक्ष मोनिका दास और लेखापाल अन्नपूर्णा देवी को भी बदलने की मांग रखी। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने ब्लॉक के बीपीएम सुधाकर मिश्रा, डीपीएम सुजीत बारी और डीएम इफ्तियार आलम के कार्यों पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि कुछ पदाधिकारी दबंगई का रवैया अपनाते हैं, इसलिए उनके खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।महिलाओं ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और JSLPS से जुड़ी महिलाओं को सम्मानजनक माहौल उपलब्ध कराने की मांग की।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केशरी की रिपोर्ट