Date: 21/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

लगातार बारिश से मुंगेर बेहाल, सड़कें बनीं तालाब, घरों और मॉल में घुसा पानी

7/20/2026 2:40:18 PM IST

34
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शहर और आसपास के इलाकों में कई जगह जलजमाव की गंभीर स्थिति बन गई है। सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं और लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। आइए, दो तस्वीरों के जरिए देखते हैं कि बारिश ने आम लोगों की परेशानी किस तरह बढ़ा दी है। पहली तस्वीर जमालपुर-धरहरा मुख्य मार्ग पर डीएवी पब्लिक स्कूल के पास की है। यहां रेलवे अंडरपास से लेकर मुख्य सड़क तक बारिश का पानी भर गया है। जलजमाव इतना अधिक है कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। राहगीरों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। दूसरी तस्वीर जमालपुर-सफियाबाद मुख्य मार्ग की है। सफियाबाद चौक से पहले नाले की निकासी बाधित होने और लगातार बारिश के कारण भारी जलजमाव हो गया है। हालात ऐसे हैं कि बड़े नाले का पानी कई घरों में घुस गया है। वहीं मुख्य सड़क पर स्थित एक मॉल में भी पानी प्रवेश कर गया, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलनिकासी की समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद को लिखित शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। हर बारिश में यही हालात बन जाते हैं और लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। लगातार हो रही बारिश ने नगर परिषद की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। अब देखना होगा कि प्रशासन और नगर परिषद कब तक इस गंभीर समस्या का समाधान कर लोगों को राहत दिला पाते हैं।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट