Date: 21/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

10 फीट जमीन ने उजाड़ दिया परिवार: बड़े भाई के वार से छोटे भाई की मौत, गांव से ही दबोचा गया आरोपी

7/20/2026 3:49:59 PM IST

28
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में महज 10 फीट जमीन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। वर्षों से चले आ रहे विवाद ने आज सुबह ऐसा मोड़ लिया कि बड़े भाई ने लोहे की रॉड से हमला कर अपने ही छोटे भाई की जान ले ली। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे गांव में इस घटना को लेकर शोक और सन्नाटा पसरा हुआ हैबाराचट्टी थाना क्षेत्र के भलूआ गांव निवासी गुड्डू केशरी उर्फ महेश प्रसाद और उनके छोटे भाई रामदेव केशरी के बीच करीब 10 फीट जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच इस जमीन को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह विवाद एक दिन खून-खराबे तक पहुंच जाएगा।आज सुबह करीब पांच बजे दोनों भाई फिर जमीन को लेकर आमने-सामने आ गए। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और गुस्से में बड़े भाई ने पास में रखी लोहे की रॉड उठाकर छोटे भाई रामदेव के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण रामदेव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही बाराचट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया। साथ ही आरोपी गुड्डू केशरी को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।एक ही परिवार के दो सगे भाइयों के बीच हुए इस हत्याकांड से पूरे भलूआ गांव में मातम का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं और चर्चा कर रहे हैं कि महज कुछ फीट जमीन के लिए एक परिवार हमेशा के लिए बिखर गया।बाराचट्टी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमरेंद्र किशोर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीन के आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।       
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए  मनोज कुमार की रिपोर्ट