Date: 21/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वाहनों के रूटलाइन, नो-एंट्री जोन को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश

7/21/2026 5:58:56 PM IST

21
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Deoghar : राजकीय श्रावणी मेला, 2026 को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से आज अनुमंडल कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक अनुमण्डल पदाधिकारी-सह-अनुमण्डल दण्डाधिकारी, देवघर श्री रवि कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान देवघर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बेहतर यातायात सुविधाएं सुनिश्चित करना और सड़क सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराना है। इसके अलावा बैठक के दौरान अनुमण्डल पदाधिकारी श्री रवि कुमार ने सुगम आवाजाही के लिए बेहतर यातायात व्यवस्था और शुल्क निर्धारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मेला क्षेत्र और देवघर शहर में यातायात को नियंत्रित करने के लिए वाहनों हेतु निर्धारित रूटलाइन व नो-एंट्री जोन से जुड़ी जानकारियों से सभी को अवगत कराया। अनुमण्डल पदाधिकारी ने देवघर शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्त रखने और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए विशेष रूटलाइन तैयार करने तथा नो-एंट्री जोन का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया। इसके साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न वाहनों और सेवा प्रदाताओं हेतु न्यायसंगत शुल्क निर्धारण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए, ताकि किसी भी श्रद्धालु से अतिरिक्त शुल्क न वसूला जा सके। आगे बैठक में उन्होंने  उपस्थित बस, टैम्पू और टोटो एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ-साथ सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही राजकीय श्रावणी मेला 2026 का आयोजन पूरी तरह सुरक्षित और सफल बनाया जा सकता है। इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक सी०सी०आर०-सह-यातायात उपाधीक्षक, देवघर यातायात प्रभारी, देवघर अध्यक्ष/सचिव (बस ऑनर्स, टैम्पू एवं टोटो ऑनर्स एसोसिएशन, देवघर एवं अन्य सभी संबंधित प्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क