Date: 23/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मॉडल सदर अस्पताल को मिली बड़ी मजबूती, पैथोलॉजी हब लैब का हुआ शुभारंभ

7/22/2026 5:41:42 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर के मॉडल सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती मिली है। अब मरीजों को महंगी पैथोलॉजी जांच के लिए निजी लैब के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अस्पताल के नए भवन में अत्याधुनिक हब एंड स्पोक मॉडल पर आधारित पैथोलॉजी हब लैब का शुभारंभ किया गया है, जहां एक ही छत के नीचे 187 तरह की जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। फिलहाल 87 जांचें शुरू कर दी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की पीपीपी मोड योजना के तहत स्थापित इस अत्याधुनिक हब लैब का उद्घाटन मेयर कुमकुम देवी, सिविल सर्जन डॉ. राजू, डीएस डॉ. रमन, डीआईओ डॉ. मो. फैजउद्दीन और जदयू जिलाध्यक्ष सौरभ निधि ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। इस लैब में ब्लड, यूरिन, थायरॉइड, एलएफटी, केएफटी, लिपिड प्रोफाइल समेत कुल 187 प्रकार की जांच की व्यवस्था की गई है। सिविल सर्जन ने बताया कि फिलहाल 87 तरह की जांचें शुरू हो गई हैं, जबकि बाकी जांचें चरणबद्ध तरीके से जल्द शुरू होंगी। हब एंड स्पोक मॉडल के तहत अब जिले के सभी प्रखंडों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से मरीजों के सैंपल लेकर मुख्य लैब में जांच होगी और डिजिटल माध्यम से रिपोर्ट संबंधित केंद्रों तक भेजी जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी बिना जिला मुख्यालय आए नि:शुल्क और समय पर जांच रिपोर्ट मिल सकेगी। मुंगेर मॉडल सदर अस्पताल में शुरू हुई यह अत्याधुनिक हब लैब जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे मरीजों का समय और पैसा दोनों बचेंगे, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों तक भी आधुनिक जांच सुविधा की पहुंच सुनिश्चित होगी।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट