Date: 09/10/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जनकपुर से निकली राष्ट्रीय साइकिल यात्रा पहुंची मुंगेर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, लोगों ने किया भव्य स्वागत.....

10/8/2026 6:01:58 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता का संदेश लेकर नेपाल के जनकपुर से देहरादून तक निकली राष्ट्रीय साइकिल यात्रा  मुंगेर पहुंची। यात्रा दल के मुंगेर पहुंचने पर स्थानीय लोगों और साइकिल प्रेमियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। 
यात्रा का उद्देश्य लोगों, खासकर बच्चों और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। यात्रा में शामिल पर्यावरणविद् पदम् भूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने लोगों से संवाद करते हुए प्रकृति को बचाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हवा, पानी, मिट्टी और पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संरक्षण केवल किताबों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि लोगों को प्रकृति के करीब जाकर उसके महत्व को समझना होगा। मुंगेर पहुंचने पर यात्रा दल के साथ स्थानीय साइकिल समूह के सदस्य भी शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने फूल-माला पहनाकर और स्वागत कर यात्रा का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
डॉ. जोशी ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। पेड़, पानी, मिट्टी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए समाज के हर वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी। गांधी जयंती 2 अक्टूबर से शुरू हुई यह साइकिल यात्रा पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति से जुड़ाव का संदेश देते हुए देहरादून की ओर आगे बढ़ रही है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट