Date: 23/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

अनियंत्रित कार ने चार लोगो को रोंदा, ठेला चालक समेत चार लोग घायल

7/23/2026 5:20:31 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत डीबी रोड पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क पर चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में एक ठेला चालक समेत कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल यानी टीएमएच पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने सबसे पहले एक टीवीएस एक्सएल सवार व्यक्ति को जोरदार टक्कर मारी। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर वापस घर लौट रहा था। इसके बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे ठेले पर सो रहे एक ठेला चालक और वहां से गुजर रहे दो अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में लेते हुए आगे निकल गई। हादसे के बाद कार सवार सभी युवक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, कार किसी स्थानीय व्यक्ति की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार चालक और कार में सवार अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट