Date: 17/09/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बिजली करंट से भाभी देवर की हुई मौत, गांव में पसरा मातम  

7/23/2026 5:20:31 PM IST

99
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां बिजली के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से देवर-भाभी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दुलौर डीह और बहुआरा बाधार के बीच खेत की है। बताया जाता है कि मुंगौल गांव वार्ड संख्या-13 निवासी 23 वर्षीय साहुल कुमार खेत में धान का बिचड़ा डाल रहा था। इसी दौरान खेत में पहले से टूटा पड़ा हाई टेंशन बिजली का तार उसकी चपेट में आ गया, जिससे वह मौके पर ही तड़पने लगा। उसी समय रास्ते से गुजर रही उसकी भाभी 46 वर्षीय बसंती कुंवर उसे बचाने के लिए दौड़ीं। लेकिन जैसे ही उन्होंने साहुल को बचाने का प्रयास किया, वह भी करंट की चपेट में आ गईं। तेज करंट लगने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक साहुल कुमार, हरवंश यादव के पुत्र थे। उनकी शादी करीब छह महीने पहले पूजा कुमारी से हुई थी। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। वहीं मृतका बसंती कुंवर, स्वर्गीय वीर बहादुर सिंह की पत्नी थीं। उनके परिवार में 14 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार और 9 वर्षीय पुत्री लखा कुमारी हैं। दोनों के बीच गांव में देवर-भाभी का रिश्ता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची जगदीशपुर थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। एक ही पल में देवर और भाभी की मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। छह महीने पहले बसी एक नई गृहस्थी उजड़ गई, वहीं दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया भी उठ गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट 
 
 


सम्बंधित खबरें

# अपराध नियंत्रण, लंबित शिकायतों के निष्पादन और त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जमशेदपुर पुलिस ने की समीक्षा बैठक, दिए सख्त निर्देश ...
# पर्व-त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, एनडीपीएस की खिलाफ होगी कार्रवाई, बनेगी विशेष रणनीति......
# अवैध बालू परिवहन के विरुद्ध खनन विभाग की कार्रवाई,500 सीएफटी बालू लदा हाइवा जब्त,बालू तस्करों मे मचा हड़कंप..
# चार दिनों से लापता तिलक यादव के तलाश में जुटी पुलिस,परिजनों ने चतरा-हजारीबाग मुख्यपथ किया जाम
# इंस्टाग्राम की दोस्ती बनी मुसीबत! युवती को निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी, धनसार पुलिस ने आरोपी को मोतिहारी से दबोचा...