Date: 26/07/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धान रोपकर घर लौट रही इंटर पास छात्रा को लगी गोली, खेत विवाद में चली फायरिंग से मचा हड़कंप

7/26/2026 5:05:10 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
आरा : भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बामपाली पंचायत के हली टोला गांव में खेत के विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में 17 वर्षीय एक युवती घायल हो गई। घायल युवती की पहचान हली टोला निवासी सुरेंद्र सिंह की पुत्री शिला कुमारी (17 वर्ष) के रूप में हुई है। वह इंटर पास छात्रा है। बताया जा रहा है कि शिला कुमारी अपनी मां सुंदरी देवी के साथ खेत में धान की रोपनी कर घर लौट रही थी। इसी दौरान खेत के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। फायरिंग के दौरान चली एक गोली शिला कुमारी को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल युवती को इलाज के लिए भोजपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही उदवंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि गोलीबारी के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल युवती का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट