Date: 28/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

ब्राउन शुगर तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 7.59 लाख नकद बरामद

7/28/2026 4:35:18 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Saraikela : सरायकेला-खरसावां के आदित्यपुर में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी कर 7 लाख 59 हजार 650 रुपये नकद और 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। एसपी मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर आदित्यपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने राममया बस्ती, मुस्लिम बस्ती समेत विभिन्न इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 7 लाख 59 हजार 650 रुपये नकद और 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की। पुलिस ने ब्राउन शुगर के पुराने आरोपी और फरार चल रहे जावेद अंसारी उर्फ लड्डू के घर पर भी छापेमारी की, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग एक मकान की छत पर नशीले पदार्थों की बिक्री से मिले रुपयों का हिसाब-किताब कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस छत पर पहुंची, लेकिन वहां जाने वाला दरवाजा बाहर से बंद मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर छत पर प्रवेश किया। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग छज्जे और पाइप के सहारे भागने लगे। भागते समय आरोपियों ने रुपये से भरे कई झोले सड़क पर फेंक दिए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। मौके से पुलिस ने आजाद अंसारी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। जब्त नकदी की गिनती करने पर कुल 7 लाख 59 हजार 650 रुपये मिले। एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि पुलिस की जांच में कपाली के मिन्नत नगर, जुगसलाई के आजाद नगर और आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती को इस नेटवर्क के प्रमुख ठिकानों के रूप में चिन्हित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में इमरान, जावेद अंसारी उर्फ लड्डू, राशिद खातून, विपुल कर्मकार, रोहित कर्मकार उर्फ सिपुल और प्रकाश पटेल की संलिप्तता सामने आई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। एसपी ने कहा कि आदित्यपुर क्षेत्र में ड्रग्स के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी और सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने कार्रवाई में शामिल आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार और उनकी टीम की सराहना की। वहीं, थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने कहा कि ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस जवानों को उपलब्ध कराई गई मोटरसाइकिलों का प्रभावी इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे पुलिस टीम घटनास्थल पर तेजी से पहुंचकर अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर पा रही है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट