Date: 15/10/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बोधगया में होटल संचालक से 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, अपहरण की कोशिश, CCTV में कैद हुई घटना

8/5/2026 12:20:22 PM IST

96
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

गया: बिहार के गया जिले के बोधगया में एक होटल संचालक से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और उनके अपहरण का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित होटल संचालक अनीकेत कुमार ने आरोप लगाया है कि मंगलवार शाम कुछ युवक उनके होटल पहुंचे और जरूरी काम का बहाना बनाकर उन्हें बाहर बुलाया। आरोप है कि बाहर आते ही बदमाशों ने उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने कथित तौर पर फिरौती नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। हालांकि, होटल कर्मचारियों के मौके पर पहुंचने और शोर मचाने पर सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि वह कुछ आरोपियों को पहचानते हैं, जबकि अन्य की पहचान की जा रही है। बताया जा रहा है कि पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसे पुलिस जांच के लिए अहम साक्ष्य माना जा रहा है। पीड़ित ने मामले में पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, खबर लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

गया से कोयलनचाल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट