Date: 15/10/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पंडालों में सुरक्षा के कड़े नियम लागू, डीजे और सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की नजर...

10/15/2026 1:02:59 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dumka : आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुधवार को दुमका के इंडोर स्टेडियम में डीसी अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में एसपी पीतांबर सिंह खेरवार, एसडीएम कौशल कुमार सहित पूजा समितियों के प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा, विधि व्यवस्था, यातायात और प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कई आवश्यक निर्देश दिए गए।
 
पंडाल निर्माण में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य।  
 
डीसी ने सभी पूजा समितियों को पंडाल की मजबूती, सुरक्षित विद्युत वायरिंग, उचित अर्थिंग और अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पंडालों में नायलॉन एवं सिंथेटिक कपड़ों का इस्तेमाल नहीं करने तथा बिजली का वैध कनेक्शन लेने पर जोर दिया गया। सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर पूजा समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव को संयुक्त शपथ पत्र संबंधित थाना प्रभारी को सौंपना होगा।
 
सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी। 
 
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पंडालों एवं श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और ड्रोन से निगरानी करने का निर्देश दिया गया। पूजा समितियां पर्याप्त संख्या में पहचान पत्रधारी स्वयंसेवक तैनात करेंगी तथा उनकी सूची संबंधित थाना को उपलब्ध कराएंगी। पंडालों में अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन निकास की व्यवस्था भी अनिवार्य होगी।
 
यातायात और विसर्जन के लिए तय होंगे मार्ग। 
 
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहरी क्षेत्र में वन वे एवं नो एंट्री व्यवस्था लागू रहेगी। प्रतिमा विसर्जन निर्धारित मार्ग से चिह्नित स्थलों पर ही किया जाएगा। घाटों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर परिषद को साफ सफाई तथा पंडालों तक पहुंचने वाले रास्तों को अतिक्रमणमुक्त रखने को कहा गया।
 
डीजे और गानों पर रहेगी निगरानी। । 
 
एसपी ने पूजा समितियों को बजाए जाने वाले गानों की सूची संबंधित थाना को उपलब्ध कराने तथा ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करने का निर्देश दिया। धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली गतिविधियों से बचने की अपील की गई। खाद्य स्टॉल एवं मेला लगाने के लिए आवश्यक अनुमति लेना भी अनिवार्य होगा।
 
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई। 
 
डीसी ने सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट या फॉरवर्ड नहीं करने की अपील की। ऐसी सामग्री की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस को देने का निर्देश दिया गया। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
 
कानून हाथ में लेने वालों को चेतावनी। 
 
एसपी ने बताया कि पूजा पंडालों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती होगी। छिनतई या पॉकेटमारी करते पकड़े गए व्यक्ति के साथ मारपीट करने के बजाय उसे पुलिस के हवाले करने की अपील की गई।
 
इस वर्ष भी नहीं होगा रावण दहन।  
 
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पूर्व के वर्षों की तरह इस वर्ष भी यज्ञ मैदान में रावण दहन का आयोजन नहीं किया जाएगा। पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं रखीं, जिन पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। शांतिपूर्ण पूजा मनाने की अपील। 
 
दुमका से कोयलांचल लाइव के लिए विजय तिवारी की रिपोर्ट।