Date: 06/08/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

एसआईआर-2026 के तहत प्रारूप मतदाता सूची जारी, त्रुटि सुधार के लिए करें आवेदन

8/5/2026 6:02:31 PM IST

19
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जामताड़ा : जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर)-2026 के तहत आज सभी मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता कर पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त आलोक कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के सभी बूथों पर प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है, ताकि मतदाता अपने नाम एवं अन्य विवरणों का सत्यापन कर सकें। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता का नाम सूची में छूट गया है, किसी प्रकार की त्रुटि है या किसी संशोधन की आवश्यकता है, तो निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित बूथ स्तर पदाधिकारी (बीएलओ) या निर्वाचन कार्यालय में दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है। प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार निष्पादन कर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अपने-अपने मतदान केंद्र पर जाकर प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन करें और किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर समय सीमा के भीतर आवश्यक आवेदन अवश्य दें, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।
 
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत  मिस्त्री  की रिपोर्ट