Date: 26/10/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

CII झारखंड सेफ्टी टॉक 2026 का आयोजन किया जायेगा जहाँ , देश-विदेश के विशेषज्ञ करेंगे औद्योगिक सुरक्षा पर मंथन।

10/25/2026 1:50:53 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) झारखंड की ओर से 26 और 27 अक्टूबर को द- क्रूज होटल में दो दिवसीय CII झारखंड सेफ्टी टॉक 2026 का आयोजन किया जाएगा. झारखंड के प्रमुख औद्योगिक सुरक्षा सम्मेलन और प्रदर्शनी के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में देश-विदेश के उद्योग जगत के प्रतिनिधि, सुरक्षा विशेषज्ञ, तकनीकी सेवा प्रदाता और विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के पेशेवर एक मंच पर जुटेंगे। CII के अनुसार दो दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य औद्योगिक सुरक्षा की नई चुनौतियों, आधुनिक तकनीक, जोखिम प्रबंधन और बेहतर कार्यप्रणाली पर विचार-विमर्श के साथ अनुभवों का आदान-प्रदान करना है. सम्मेलन में विभिन्न बड़ी कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, प्रबंध निदेशक और वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे. रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर CII झारखंड के अध्यक्ष दिल्लू पारिख ने बताया कि सम्मेलन में औद्योगिक सुरक्षा को केवल नियमों के अनुपालन तक सीमित रखने के बजाय सक्रिय जोखिम प्रबंधन की दिशा में आगे बढ़ने पर विशेष जोर रहेगा. नेतृत्व की जवाबदेही, ठेका श्रमिकों एवं कार्यबल की सुरक्षा और गंभीर चोट तथा मृत्यु की घटनाओं को रोकने के उपायों पर चर्चा होगी. औद्योगिक खतरों की समय रहते पहचान और रोकथाम के लिए रियल टाइम मॉनिटरिंग, इंटेलिजेंट अलर्ट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीकों के इस्तेमाल पर भी विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे।....श्री पारिख ने बताया कि कार्यक्रम में ऊंचाई पर काम करने के दौरान सुरक्षा और गिरने से बचाव, खतरनाक ऊर्जा नियंत्रण, मानवीय व्यवहार, मानसिक स्वास्थ्य और कार्यस्थल सुरक्षा जैसे विषयों को शामिल किया गया है. सम्मेलन में सड़क को भी कार्यस्थल के रूप में देखते हुए सड़क सुरक्षा पर अलग से मंथन होगा. इसके अलावा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के बीच गोलमेज चर्चा होगी, जिसमें मौजूदा सुरक्षा चुनौतियों, उनके व्यावहारिक समाधान और भविष्य की रणनीति पर विचार किया जाएगा.सम्मेलन के प्रमुख विषयों में 'सुरक्षा को बोर्डरूम रणनीति के रूप में अपनाना', 'उच्च जोखिम वाले उद्योगों में सुरक्षा नेतृत्व', 'तकनीक आधारित सुरक्षा  पहचान से रोकथाम तक', 'ऊंचाई पर काम के दौरान दुर्घटना की रोकथाम' और 'नियमों के अनुपालन से आगे बढ़कर खतरनाक ऊर्जा नियंत्रण को सुरक्षा आंदोलन बनाना' शामिल हैं।... CII झारखंड सेफ्टी टॉक 2026 में विभिन्न कंपनियों और औद्योगिक क्षेत्रों से कुल 46 वक्ता शामिल होंगे. इनमें चार अंतरराष्ट्रीय वक्ता भी होंगे. प्रदर्शनी में 36 कंपनियां 50 स्टॉल के माध्यम से औद्योगिक सुरक्षा से संबंधित अपने उत्पाद, नई तकनीक और समाधान प्रदर्शित करेंगी. CII का कहना है कि सम्मेलन उद्योग जगत के पेशेवरों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने, नई सुरक्षा तकनीकों को समझने और विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के व्यावहारिक उपायों पर चर्चा का मंच उपलब्ध कराएगा. 
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट |