Date: 18/09/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने हत्या की कथित साजिश रच रहे पांच युवकों को गिरफ्तार किया है, हथियार बरामद ....

9/17/2026 8:28:48 PM IST

13
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : पुलिस ने मिल्लत नगर स्थित गोलघर स्कूल के पास छापेमारी कर आरोपियों को हथियार के साथ पकड़ा। गिरफ्तार मुख्य आरोपी सैफ अली उर्फ राज बच्चा के पास से देशी पिस्टल, मैगजीन में लोड दो जिंदा 7.65 एमएम के कारतूस और मौके से एक खोखा बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी सब्बु टाल वाला के बेटों की हत्या की योजना बना रहे थे। जुगसलाई थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि आर्म्स एक्ट और फायरिंग के मामलों में पूर्व से आरोपित सैफ अली उर्फ राज बच्चा अपने साथियों के साथ हथियार लेकर गोलघर स्कूल के पास जमा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई और मौके पर छापेमारी की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मिल्लत नगर निवासी सैफ अली उर्फ राज बच्चा, मो. रेहान गद्दी उर्फ जिया, मो. शहनवाज उर्फ बिगाड़ू, मो. शहजादा आलम उर्फ साहिल और मो. नसीम अंसारी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सैफ अली के पास से एक देशी पिस्टल और 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जबकि घटनास्थल से इसी बोर का एक खोखा भी मिला है। पुलिस के मुताबिक, इससे पहले 9 अगस्त को सैय्यद रिजवान करीम ने जुगसलाई थाना में आवेदन देकर सैफ अली से खुद और अपने परिवार को खतरा होने की आशंका जताई थी। पुलिस का कहना है कि 26 अगस्त को ईद मिलाद-उन-नबी के दिन भी सैफ अली अपने सहयोगियों के साथ घर की छत पर किसी परिवार को नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहा था। जांच में हथियार के साथ वीडियो बनाए जाने और शहजादा आलम द्वारा छत पर एक राउंड फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी सैफ अली उर्फ राज बच्चा के खिलाफ जुगसलाई, परसुडीह, कदमा और बागबेड़ा थाना में कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, रंगदारी, लूट, आगजनी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं शहनवाज और शहजादा आलम के खिलाफ भी अलग-अलग थानों में आपराधिक मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट