आरा: भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रतनपुर ओवरब्रिज के समीप कार सवार हमलावरों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (सर्व शिक्षा अभियान) राहुल कुमार एवं अन्य कर्मियों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम प्रबंधक राहुल कुमार अपने दो अन्य कर्मियों के साथ कार्यालय से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रतनपुर ओवरब्रिज के पास एक कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद कार से उतरे आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और सनसनी फैल गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी हमलावर फरार हो चुके थे। हमले में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के एक अन्य कर्मी को गंभीर हालत में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से आक्रोशित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के कर्मी और अन्य अधिकारी मुफस्सिल थाना पहुंचे तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि शाम करीब 6 बजे सभी अधिकारी और कर्मी कार्यालय से लौट रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। घायलों का कहना है कि बदमाशों की मंशा उन्हें जान से मारने की थी, लेकिन स्थानीय लोगों के पहुंचने से उनकी जान बच गई। घटना की सूचना मिलने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी मानवेंद्र कुमार राय भी मुफस्सिल थाना पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिला कार्यक्रम प्रबंधक राहुल कुमार सहित दो अन्य कर्मियों पर जानलेवा हमला किया गया है, जिसमें सभी घायल हुए हैं। घायलों का इलाज चल रहा है। फिलहाल हमले के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार हमलावरों की तलाश कर रही है।
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आसुतोष पांडेय की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़