Date: 06/10/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ 10 अगस्त को रास्ता रोको-रेल रोको अभियान, रांची में बड़ा प्रदर्शन
 

8/8/2026 6:49:53 PM IST

76
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

रांची : केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में 10 अगस्त 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी रास्ता रोको-रेल रोको अभियान को सफल बनाने को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य कार्यालय, रांची में संयुक्त किसान मोर्चा एवं संयुक्त मजदूर संगठनों की ओर से प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक, झारखंड राज्य किसान सभा के प्रदेश संयोजक भंते जैनेंद्र तथागत, सीटू के प्रतीक मिश्रा, निर्माण बॉस खेत मजदूर यूनियन के प्रदेश सचिव इम्तियाज खान और जिला सचिव अजय कुमार सिंह उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता के दौरान बताया गया कि 10 अगस्त 2026 को राष्ट्रव्यापी जेल भरो कार्यक्रम के तहत रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर शाम 4 बजे से 7 बजे तक रास्ता रोको कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, महिलाएं, छात्र और नौजवान शामिल होंगे। झारखंड राज्य किसान सभा के प्रदेश संयोजक भंते जैनेंद्र तथागत ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केंद्र सरकार लगातार किसानों, मजदूरों, छात्रों, नौजवानों और महिलाओं के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ पूंजीपतियों के हित में कानून बना रही है और सार्वजनिक संस्थानों का निजीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। उन्होंने आगे कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के कारण छात्र और युवा परेशान हैं। इन सभी समस्याओं के लिए उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, सीटू के अनिर्बन बसु एवं प्रतीक मिश्रा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में आयोजित रास्ता रोको-रेल रोको आंदोलन को सफल बनाने के लिए किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान और आम लोग बड़ी संख्या में शामिल हों।

 

 
रांची से कोयलांचल लाइव के लिए प्रशांत कुमार की रिपोर्ट