Date: 23/11/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बैंकमोड़ बड़ा गुरुद्वारा में प्रकाश पर्व की रौनक, तीन दिनों तक होगा धार्मिक आयोजन!

11/23/2026 12:59:12 PM IST

13
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Dhanbad : धनबाद में सिख धर्म के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर भक्ति और उत्साह का माहौल है। प्रकाश पर्व के तीन दिवसीय समारोह की शुरुआत भव्य नगर कीर्तन के साथ हुई। झरिया के कोयरीबांध गुरुद्वारा से निकला नगर कीर्तन विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए बैंकमोड़ स्थित बड़ा गुरुद्वारा पहुंचा। नगर कीर्तन में शामिल संगत का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। गुरुद्वारों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है, वहीं तीन दिनों तक शबद-कीर्तन, कथा दीवान और अटूट लंगर की विशेष व्यवस्था की गई है। धनबाद की सड़कों पर सोमवार को गुरु भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मौका था सिख धर्म के 557वें प्रकाश पर्व के तीन दिवसीय आयोजन का। इसकी शुरुआत झरिया के कोयरीबांध गुरुद्वारा से निकले भव्य नगर कीर्तन के साथ हुई। नगर कीर्तन कतरास मोड़, बस्ताकोला, धनसार और जोड़ाफाटक गुरुद्वारा होते हुए बैंकमोड़ स्थित बड़ा गुरुद्वारा पहुंचा। पूरे रास्ते में जगह-जगह तोरण द्वार और स्वागत शिविर लगाए गए थे। श्रद्धालुओं ने नगर कीर्तन में शामिल संगत का गर्मजोशी से स्वागत किया और गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। प्रकाश पर्व के अवसर पर बैंकमोड़ बड़ा गुरुद्वारा में तीन दिनों तक विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। गुरुद्वारा के सेवादार सतपाल सिंह ने बताया कि आयोजन के दौरान प्रतिदिन संगत के लिए लंगर की व्यवस्था रहेगी। वहीं, सचखंड श्री दरबार साहिब, अमृतसर के हजूरी रागी जत्था हरजीत सिंह और पंजाब यूनिवर्सिटी, पटियाला के कथावाचक डॉ. हरभजन सिंह अपने शबद-कीर्तन और कथा दीवान से संगत को निहाल करेंगे। प्रकाश पर्व को लेकर बैंकमोड़ बड़ा गुरुद्वारा परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया है। श्रद्धालुओं के लिए अरदास, शबद-कीर्तन और अटूट लंगर की विशेष व्यवस्था की गई है। तीन दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर सिख समाज में खासा उत्साह है। नगर कीर्तन के जरिए पूरे धनबाद में गुरु भक्ति, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया गया।

 

संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क