Date: 20/08/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सरकारी स्कूलों के मिड-डे मील में निकले कीड़े, बच्चों ने फेंकी थाली; FIR के आदेश से मचा हड़कंप
 

8/20/2026 12:52:06 PM IST

13
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad : सरकारी स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अरवल जिले के कई सरकारी स्कूलों में बच्चों को परोसी गई सब्जी में छोटे-छोटे कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया। कीड़े देखकर बच्चों ने खाना खाने से इनकार कर दिया और कई बच्चों ने अपनी थालियां फेंक दीं।
 
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद और सदर प्रखंड क्षेत्र के करीब 75 सरकारी स्कूलों में एजेंसी के माध्यम से मध्याह्न भोजन की आपूर्ति की गई थी। भोजन परोसने के दौरान कई स्कूलों में सब्जी के अंदर सफेद रंग के छोटे-छोटे कीड़े दिखाई दिए। बच्चों और रसोइयों की नजर पड़ते ही स्कूल प्रशासन ने तत्काल भोजन परोसना बंद कर दिया।
 
इन स्कूलों में मिली शिकायत
 
सैदपुर ढाबा प्राथमिक विद्यालय, राजकीय प्राथमिक विद्यालय खनकुलीपुर और उमैराबाद प्राथमिक विद्यालय समेत कई स्कूलों में भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई है। बच्चों के मुताबिक, थाली में सब्जी परोसे जाने के बाद उसमें कीड़े दिखाई दिए। इसके बाद बच्चों में डर का माहौल बन गया और उन्होंने खाना खाने से इनकार कर दिया।
 
घटना की जानकारी मिलने के बाद अभिभावकों में भी नाराजगी है। लोगों ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता के साथ-साथ भोजन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
 
शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच
 
मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी असगर हुसैन ने बताया कि मामले की जांच के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मध्याह्न भोजन को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि अनियमितता सामने आती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
 
फिलहाल जिन स्कूलों से भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई है, वहां भोजन की आपूर्ति रोक दी गई है। जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि भोजन में कीड़े कैसे पहुंचे और इस मामले में लापरवाही किस स्तर पर हुई।
 
बच्चों की सेहत पर उठे सवाल
 
मध्याह्न भोजन योजना का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। ऐसे में भोजन में कीड़े मिलने की घटना ने इसकी गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और शिक्षा विभाग की आगे की
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट