Date: 20/08/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

HIV को लेकर बड़ी चेतावनी : सड़क किनारे टैटू बनाने और नाक-कान छिदवाने से बढ़ सकता है संक्रमण का खतरा

8/20/2026 12:52:06 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad  :सड़क किनारे फुटपाथ पर टैटू बनवाना या नाक कान खुदवाना आपको महंगा पड़ सकता है अगर ऐसा करते हैं तो एचआईवी कोआप निमंत्रण दे रहे हैं। अगर आप भी स्टाइलिश दिखने के चक्कर में मेलों या सड़क किनारे टैटू बनवा रहे हैं या नाक-कान छिदवा रहे हैं, तो सावधान हो जाइए. आपका यह शौक आपको जिंदगी भर का दर्द दे सकता है. जहानाबाद के विकास भवन सभागार में जिला एड्स नियंत्रण समिति के तत्वावधान में एचआईवी/एड्स से बचाव एवं नियंत्रण को लेकर जिला स्तरीय संयुक्त कार्यकारी समूह की संवेदीकरण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पीयूष ने की.बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने जिले में संक्रमण के फैलाव के पैटर्न पर चिंता जताते हुए एक चौंकाने वाला खुलासा किया. उन्होंने बताया कि असुरक्षित यौन संबंध और संक्रमित रक्त के अलावा सड़क किनारे और मेलों में बिना सुरक्षा मानकों के बनाए जाने वाले टैटू तथा नाक-कान छिदवाना भी संक्रमण का कारण बन सकता है. उन्होंने चेतावनी दी कि चंद रुपयों की बचत और थोड़ी सी लापरवाही लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है.उप विकास आयुक्त ने बताया कि टैटू बनाने में इस्तेमाल होने वाली नई सुई की कीमत करीब 100 रुपये या उससे अधिक होती है. पैसों की बचत और जागरूकता की कमी के कारण कुछ टैटू कलाकार एक ही सुई का इस्तेमाल कई लोगों पर कर देते हैं. यदि संक्रमित व्यक्ति के शरीर में इस्तेमाल की गई सुई को बिना उचित स्टरलाइजेशन के दूसरे व्यक्ति पर इस्तेमाल किया जाए, तो संक्रमण फैलने का खतरा रहता है. इसी तरह ग्रामीण इलाकों और बाजारों में बिना सुरक्षा मानकों के एक ही औजार से नाक और कान छिदवाने से भी संक्रमण का जोखिम बढ़ सकता है.प्रशासन ने स्पष्ट किया कि एचआईवी/एड्स को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना बेहद जरूरी है. एड्स छुआछूत की बीमारी नहीं है और साथ बैठने, छूने या खाना खाने से नहीं फैलता. संक्रमण मुख्य रूप से असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई और दूषित रक्त के संपर्क में आने से फैल सकता है. जिले में लगातार स्क्रीनिंग की जा रही है और मामले भी सामने आ रहे हैं. लोगों को घबराने के बजाय सतर्क रहने और सुरक्षित तरीकों को अपनाने की जरूरत है
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट