Date: 21/08/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बच्चों के साथ बैठकर डीएम ने किया मिड-डे मील, स्कूल प्रशासन में मची हलचल
 

8/21/2026 4:39:08 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जहानाबाद: जिले के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने गुरुवार को कन्या मध्य विद्यालय, होरिलगंज का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक स्कूल पहुंचने से स्कूल प्रशासन में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को परोसे जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता खुद जांची। वह बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने लगीं और उनसे खाने के स्वाद, गुणवत्ता और नियमित उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। इसके बाद डीएम ने विद्यालय में बच्चों के नामांकन और उपस्थिति की भी समीक्षा की। कक्षा एक से पांच तक 122 बच्चे नामांकित हैं, जिनमें 55 बच्चे उपस्थित मिले। वहीं, कक्षा छह से आठ तक 385 बच्चों का नामांकन है। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बच्चों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पौष्टिक भोजन के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी जरूरी है। डीएम ने विद्यालय में अपराह्न तीन बजे संचालित होने वाली खेल कक्षाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से जिले के अलग-अलग विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें जिलाधिकारी तक पहुंच रही थीं। इसी के मद्देनजर औचक निरीक्षण को अहम माना जा रहा है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए जहानाबाद से पंकज की रिपोर्ट