Date: 16/10/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दुर्गा पूजा से निगम का बुलडोजर एक्शन, दोबारा अतिक्रमण करने पर होगी कानूनी कार्रवाई.............

10/16/2026 2:18:12 PM IST

13
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : दुर्गा पूजा में भीड़ और जाम से निपटने के लिए धनबाद नगर निगम एक्शन मोड में आ गया है। शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए शुक्रवार को निगम की टीम ने बरमसिया से मनईटांड़ होते हुए धनसार तक अभियान चलाया। सड़क किनारे कब्जा जमाकर बैठे दुकानदारों और अस्थायी दुकान संचालकों को हटाया गया। निगम ने पहले मुनादी कराकर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान धनसार थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि दुर्गा पूजा के दौरान सड़क पर अतिक्रमण कर आवागमन बाधित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दोबारा कब्जा करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुर्गा पूजा नजदीक है और धनबाद की सड़कों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने वाली है। ऐसे में शहर को जाम से मुक्त रखने और लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को बरमसिया से मनईटांड़ होते हुए धनसार तक सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। सड़क किनारे कुंडी और अस्थायी दुकानें लगाकर कब्जा किया गया था, जिससे पैदल चलने वालों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही थी। नगर निगम ने दो दिन पहले रणधीर वर्मा चौक से गया पुल समेत शहर के प्रमुख स्थानों पर मुनादी कराकर दुकानदारों को खुद अतिक्रमण हटाने का समय दिया था। समय सीमा समाप्त होने के बाद थाना प्रभारी के सहयोग से कार्रवाई की गई। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और पूजा पंडालों के आसपास सड़क किनारे अवैध कब्जे के कारण आवागमन में परेशानी हो रही थी। इस संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं। डीसी के सख्त निर्देश पर पहले दुकानदारों को मुनादी के जरिए अतिक्रमण हटाने का मौका दिया गया। इसके बाद अभियान चलाकर सड़क को खाली कराया गया। पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन का मकसद दुर्गा पूजा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखना है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा पंडालों तक पहुंचने में परेशानी न हो और सड़क पर जाम की स्थिति पैदा न हो। अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि कार्रवाई के बाद दोबारा अतिक्रमण किया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि अभियान के बाद धनबाद की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने में नगर निगम कितना सफल हो पाता है।
 
 
कोयलांचल लाइव डेस्क