Date: 22/08/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

छात्रों पर दमन के खिलाफ जयराम महतो ने उठाई आवाज, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
 

8/22/2026 4:15:17 PM IST

20
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Ranchi :  जेएलकेएम के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने हजारीबाग, गिरिडीह, रांची और गढ़वा में पुतला दहन के दौरान छात्रों के साथ कथित लाठीचार्ज, मारपीट और दमनात्मक कार्रवाई की कड़ी निंदा की है. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर गंभीर प्रहार बताया. विधायक श्री महतो ने कहा कि पिछले 26 वर्षों के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ कि लोकतांत्रिक विरोध-प्रदर्शन के दौरान राजनीतिक एवं प्रशासनिक संरक्षण में राजनीतिक कार्यकर्ताओं द्वारा आंदोलनकारी छात्रों पर दमनात्मक कार्रवाई की गई हो,उन्होंने सरकार से अपने राजनीतिक कार्यकर्ताओं पर नियंत्रण रखने तथा शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करने की मांग की.उन्होंने कहा कि सत्ता के संरक्षण में छात्रों के साथ दबंगई, मारपीट, हिंसा या दमन लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है. यदि ऐसी घटनाओं पर तत्काल रोक नहीं लगी और दोषियों पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो सामाजिक तनाव और टकराव की स्थिति और गंभीर हो सकती है.जयराम महतो ने पुलिस प्रशासन से राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर संवैधानिक दायित्व का निर्वहन करने की अपील की.उन्होंने कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, आज जो सत्ता में हैं, वे कल विपक्ष में हो सकते हैं. इसलिए प्रशासन को किसी भी राजनीतिक दबाव में छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन नहीं करना चाहिए. उन्होंने राज्य सरकार से न्यायालय में छात्रों का पक्ष मजबूती और पूरी गंभीरता के साथ रखने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की. उन्होंने उम्मीद जताई कि छात्रों को न्याय मिलेगा और सत्य की जीत होगी.जयराम महतो ने कहा कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा.

 

रांची से  कोयलांचल लाइव के लिए प्रशांत जयवर्धन की रिपोर्ट