Date: 25/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

खोरठा गीत-संगीत और साहित्य में योगदान के लिए विनय तिवारी सम्मानित, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया सम्मान

8/25/2026 1:06:25 PM IST

90
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

हजारीबाग: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को हजारीबाग में भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय, बिरसा मुंडा जन कल्याण योजना प्रचार अभियान, दिल्ली एवं महादेव स्मारक खादी ग्राम उद्योग मंडल, रांची के सहयोग से आयोजित जनजातीय गौरव उत्सव के दौरान खोरठा साहित्यकार, कवि, फिल्म लेखक, निर्देशक एवं गीतकार विनय तिवारी को सम्मानित किया। विनय तिवारी को खोरठा गीत, संगीत, साहित्य एवं सिनेमा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए अंगवस्त्र, मोमेंटो और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि झारखंड में गीत, संगीत और सिनेमा के विकास के लिए स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देना जरूरी है।

            विज्ञापन 

स्थानीय भाषा, कला और कलाकारों को प्राथमिकता देकर झारखंड की कला एवं संस्कृति को वैश्विक मंच तक पहुंचाया जा सकता है। विनय तिवारी लंबे समय से खोरठा गीत-संगीत, सिनेमा और साहित्य के संरक्षण, संवर्धन, विकास एवं प्रचार-प्रसार के लिए कार्य कर रहे हैं। वे पिछले तीन दशकों से खोरठा गीत, संगीत, सिनेमा एवं साहित्य को प्रतिष्ठा दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। विभिन्न स्तरों के खोरठा पाठ्यक्रम में उनकी रचनाओं को पढ़ाया भी जाता है। उनके लिखे गीतों और कविताओं पर शोध हो चुका है और अभी भी शोध कार्य जारी है। आकाशवाणी एवं दूरदर्शन पर उनकी वार्ताएं और गीत प्रसारित होते रहते हैं। विनय तिवारी झारखंड के उन प्रमुख लोगों में शामिल हैं, जो विलुप्तप्राय बिरहोर भाषा और खोरठा भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भित्तिचित्रों के माध्यम से प्रचार-प्रसार का कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम में पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम, मशहूर अभिनेता रमन गुप्ता, बिरसा मुंडा जन कल्याण योजना प्रचार अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, प्रदेश अध्यक्ष किशोर सावन, राजमनी जी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

 
कोयलांचल लाइव डेस्क