Date: 25/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

इलाज के दौरान प्रसूता की मौत से भड़का आक्रोश, अस्पताल में तोड़फोड़; सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन

8/25/2026 5:06:32 PM IST

59
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

जामताड़ा: जामताड़ा थाना क्षेत्र के कटंकी गांव के समीप स्थित एसएस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 20 वर्षीय प्रसूता की मौत के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की। इसके बाद शव को जामताड़ा-दुमका मुख्य मार्ग पर उदलबनी के समीप रखकर सड़क जाम कर दिया गया। इससे मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। मृतका की पहचान जामताड़ा थाना क्षेत्र के भंडारो गांव निवासी सुनीता मरांडी (20), पति मुकेश हांसदा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुनीता को 21 अगस्त को प्रसव के लिए एसएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।

            विज्ञापन :

अस्पताल में सीजेरियन ऑपरेशन के बाद उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही के कारण उनके शरीर की एक मुख्य नस कट गई, जिसके बाद उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। परिजनों के अनुसार, 22 अगस्त की रात अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस की मौजूदगी में सुनीता को धनबाद रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें धनबाद स्थित जेपी हॉस्पिटल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि सुनीता का ब्लड प्रेशर काफी बढ़ चुका था और लिवर तथा किडनी में भी गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी। इलाज के दौरान 24 अगस्त की रात उनकी मौत हो गई।आज परिजन सुनीता का शव लेकर वापस एसएस हॉस्पिटल पहुंचे। वहां अस्पताल प्रबंधन के लोगों के मौजूद नहीं रहने और परिसर में ताला लगा मिलने से परिजनों का आक्रोश भड़क उठा। देखते ही देखते ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने शव को जामताड़ा-दुमका मुख्य मार्ग पर उदलबनी के पास रखकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। परिजन और ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है। हालांकि, चिकित्सकीय लापरवाही के लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

 

 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट