Date: 25/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जामताड़ा पुलिस की बड़ी पहल, 37 गुम मोबाइल बरामद कर असली धारकों को लौटाए

8/25/2026 5:06:32 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर जामताड़ा पुलिस द्वारा गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए गए एक माह के विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के दौरान जामताड़ा समेत अन्य जिलों और राज्यों से कुल 37 मोबाइल फोन बरामद किए गए। मंगलवार, 25 अगस्त को संबंधित थाना प्रभारियों ने सत्यापन के बाद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए। पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को गुम हुए मोबाइल से संबंधित दर्ज सनहा और CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया था। इसके बाद सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने तकनीकी माध्यमों और CEIR पोर्टल की सहायता से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश शुरू की। बरामद किए गए मोबाइल फोन में जामताड़ा थाना क्षेत्र से 8, नारायणपुर से 3, करमाटांड़ से 5, मिहिजाम से 5, नाला से 3, बिंदापाथर से 5, कुंडहित से 4, फतेहपुर से 1 और बागडेहरी थाना क्षेत्र से 3 मोबाइल शामिल हैं। इस तरह कुल 37 मोबाइल फोन बरामद किए गए। मोबाइल फोन वितरण के दौरान पुलिस की ओर से मोबाइल धारकों और उपस्थित लोगों को CEIR पोर्टल के उपयोग तथा गुम या चोरी हुए मोबाइल की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे अपने गांव, मोहल्ले, परिवार और परिचितों को भी इस सुविधा के प्रति जागरूक करें। मोबाइल फोन वापस मिलने पर वास्तविक धारक काफी खुश नजर आए। उन्होंने जामताड़ा पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। जामताड़ा पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना को इसकी सूचना दें और सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए CEIR पोर्टल पर आवश्यक विवरण दर्ज कर ऑनलाइन शिकायत करें। पुलिस के अनुसार, गुम या चोरी हुआ मोबाइल यदि किसी अन्य व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल किया जाता है, तो उसकी जानकारी संबंधित थाना और शिकायतकर्ता तक पहुंच सकती है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आम लोगों की सेवा, गुम हुई संपत्ति की बरामदगी और पुलिस के प्रति जनविश्वास को मजबूत करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

 

जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्रीकी रिपोर्ट