Date: 01/09/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 रेलवे अस्पताल में अजगर से मचा हड़कंप, मेल मेडिकल वार्ड में 2 घंटे तक रही दहशत

8/31/2026 12:44:25 PM IST

35
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger :मुंगेर के जमालपुर स्थित रेलवे मुख्य अस्पताल में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मेल मेडिकल वार्ड के आसपास अचानक एक अजगर सांप दिखाई दिया। अजगर को देखते ही वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में डर का माहौल बन गया। वहीं, डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी भी सकते में आ गए। बताया जा रहा है कि अजगर करीब दो घंटे तक वार्ड के आसपास मौजूद रहा। इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन को मिलते ही स्नेक रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। हालांकि, इस घटना ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों का कहना है कि अस्पताल परिसर के आसपास बड़ी संख्या में झाड़ियां और जंगल उग आए हैं। नियमित सफाई और झाड़ियों की कटाई-छंटाई नहीं होने के कारण सांप और दूसरे जीव-जंतुओं के अस्पताल परिसर में पहुंचने का खतरा बना रहता है। मरीजों ने वार्ड और बाथरूम में गंदगी की भी शिकायत की है। उनका कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में साफ-सफाई के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। फिलहाल अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, लेकिन इस घटना के बाद मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन से नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई-छंटाई और वार्ड के आसपास विशेष निगरानी की मांग की है। 
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज खान की रिपोर्ट