Date: 02/09/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

फायरिंग, धमकी और दबाव... इंसाफ के लिए IG के पास पहुंची पीड़िता,IG ने कहा ... 

9/1/2026 4:48:58 PM IST

33
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya ; सिविल लाइन थाना कांड संख्या 482/26 के मामले में पितामहेश्वर निवासी चाँदनी नूतन पुरी ने गया के आईजी विकास वैभव से मुलाकात कर आवेदन सौंपा है। पीड़िता ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष जांच और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पीड़िता का आरोप है कि उनके घर पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके से खोखा भी बरामद किया है। चाँदनी नूतन पुरी का दावा है कि फायरिंग की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पीड़िता ने आईजी को बताया कि उनके पति को पूर्व में गोली मारकर घायल किया गया था। इस मामले में सिविल लाइन थाना कांड संख्या 289/20 दर्ज है, जो फिलहाल व्यवहार न्यायालय में गवाही के स्तर पर लंबित बताया जा रहा है। चाँदनी नूतन पुरी का आरोप है कि इस पुराने मामले में सुलह करने के लिए आरोपियों की ओर से लगातार धमकी और दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपियों द्वारा मामले के साक्ष्यों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा सकता है। वहीं, घर पर फायरिंग से जुड़े मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। पीड़िता ने फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पीड़िता ने आईजी विकास वैभव से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों पर कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट