Date: 03/09/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गंगा-सोन के बढ़ते जलस्तर से बढ़ी चिंता, बड़हरा विधायक ने तटीय इलाकों का किया दौरा,कहा ...

9/2/2026 5:02:19 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : - गंगा और सोन नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बड़हरा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने लगातार दूसरे दिन बड़हरा और कोईलवर प्रखंड के तटीय इलाकों का दौरा कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। विधायक ने प्रखंड और बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के साथ लौहर, करजा, भुसौला, बड़हरा, एकवना, सिरसिया, बबुरा, सबलपुर, विशुनपुरा, बड़का बिंदगांवा, सेमरा और फुंहा समेत कई इलाकों का निरीक्षण किया। इसके अलावा कोईलवर प्रखंड के बिंदगांवा और ज्ञानपुर में भी बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विधायक ने कुटुबपुरा डेरा के लिए जल्द नाव की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। वहीं, बबुरा हाई स्कूल और बिंदगांवा बांध पर रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सामुदायिक रसोई शुरू करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ पीड़ितों के बीच तिरपाल वितरण और मेडिकल टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विधायक ने आपदा विभाग के एसडीओ से फोन पर बात कर प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। वहीं, फुंहा के पास बांध में बने छेद का भी विधायक ने निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ नियंत्रण विभाग के कनीय अभियंता को छेद को जल्द से जल्द बालू से भरे बोरे लगाकर बंद कराने और मौके पर रात्रि प्रहरी तैनात करने का निर्देश दिया। विधायक ने कायमनगर पंचायत के ज्ञानपुर में भी नाव की व्यवस्था और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। मौके पर जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट