Date: 03/09/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

वर्दी का रौब दिखाना पड़ा महंगा, कड़ौना थानाध्यक्ष सस्पेंड
 

9/3/2026 3:01:13 PM IST

49
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जहानाबाद: जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में पद के दुरुपयोग और अनुशासनहीन आचरण के आरोप में जहानाबाद जिले के कड़ौना थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र, गया के स्तर से की गई है। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कड़ौना थानाध्यक्ष पर आरोप है कि जमीन विवाद से जुड़े मामले में उन्होंने फोन के माध्यम से संबंधित पक्ष से कथित तौर पर अभद्र एवं अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। इसके अलावा एक पक्ष पर दबाव बनाने और अपने पद का कथित दुरुपयोग करते हुए मामले में एकपक्षीय हस्तक्षेप करने की शिकायत भी सामने आई थी। मामला संज्ञान में आने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, गया की ओर से पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र, गया को पत्राचार किया गया। इसमें कड़ौना थानाध्यक्ष के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई का अनुरोध किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक ने थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवनयापन भत्ता पर रखा गया है।
 
जमीन विवाद में पुलिस की भूमिका पर सख्त निर्देश
प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि जमीन और निजी विवाद के मामलों में पुलिस पदाधिकारी अपने पद एवं शक्तियों का दुरुपयोग करते हुए किसी एक पक्ष के समर्थन में हस्तक्षेप नहीं करेंगे। ऐसे मामलों में विधिसम्मत, निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस महानिरीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस पद की गरिमा और शक्तियों के दुरुपयोग या किसी पक्ष के प्रति अनुचित हस्तक्षेप को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में अनुशासन और निष्पक्षता को लेकर सख्त संदेश गया है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए जहानाबाद से पंकज की रिपोर्ट