Date: 08/09/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बाढ़ राहत शिविर में एक्सपायरी दवा बांटने का आरोप, माले नेता ने जांच और कार्रवाई की मांग
 

9/7/2026 12:17:21 PM IST

24
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : आरा सदर प्रखंड के लक्ष्मणपुर स्थित बाढ़ राहत शिविर में बाढ़ पीड़ितों के बीच कथित तौर पर एक्सपायरी दवा वितरित किए जाने का मामला सामने आया है। भाकपा माले राज्य स्थायी समिति के सदस्य और आरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी क्यामुद्दीन अंसारी ने मामले को गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन से जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
 
क्यामुद्दीन अंसारी के मुताबिक, राहत शिविर में दवा वितरण के दौरान ग्रामीणों की नजर दवाओं पर दर्ज एक्सपायरी तारीख पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए हंगामा किया और आरा-बड़हरा मार्ग को जाम कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर क्यामुद्दीन अंसारी लक्ष्मणपुर पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उन्हें कथित एक्सपायरी दवाएं भी दिखाईं।
 
माले नेता ने इसे बाढ़ पीड़ितों की सेहत से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए भोजपुर जिलाधिकारी और सिविल सर्जन से पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की। साथ ही राहत शिविर के प्रभारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग भी की।
 
बाढ़ पीड़ितों की सूची में गड़बड़ी का आरोप ;
 
क्यामुद्दीन अंसारी ने बाढ़ राहत के लिए तैयार आपदा सूची में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में वास्तविक बाढ़ पीड़ितों के नाम सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। उन्होंने प्रशासन से वंचित पीड़ितों के नाम सूची में जोड़ने और सूची को सार्वजनिक करने की मांग की, ताकि राहत वितरण में पारदर्शिता बनी रहे।
 
दो दर्जन गांवों में सामुदायिक किचन की मांग
 
माले नेता ने आरा सदर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों में सामुदायिक किचन की संख्या बढ़ाने की भी मांग की। उन्होंने भकुरा, पिपरा, बारा, बसंतपुर, श्रीनगर, लक्ष्मणपुर, धुधुआं, बलुआं, दौलतपुर, डुमरा, पीरौंटा, यादवपुर, चौमुखा, पिपरा जयपाल, जगवलिया, मोहनपुर, देवढ़ी, कड़रा, महुली, बलुआ और तेनुआं समेत करीब दो दर्जन गांवों में सामुदायिक किचन शुरू करने की मांग की।
 
उन्होंने सभी बाढ़ प्रभावित पंचायतों में सरकारी कर्मचारियों की निगरानी में प्लास्टिक तंबू वितरित कराने की मांग की। साथ ही मुखियों द्वारा तंबू वितरण में कथित अनियमितता की शिकायतों की भी जांच कराने की बात कही।
 
इस दौरान भाकपा माले राज्य कमेटी सदस्य सह आरा मुफस्सिल सचिव विजय ओझा, किसान नेता हरेराम सिंह, धनोज यादव, राजद नेता मुन्ना यादव, पंचायत समिति सदस्य जनार्दन गोंड़ और मनीष यादव समेत कई लोग मौजूद रहे।
 
आरा से कोयलांचल लाइव आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट