Date: 10/09/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

एसपी की क्राइम मीटिंग में अपराध और लंबित मामलों की हुई समीक्षा,286 वारंटी गिरफ्तार

9/9/2026 12:21:37 PM IST

33
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtada  : पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज (09 सितंबर 2026) पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कक्ष में मासिक अपराध गोष्ठी (क्राइम मीटिंग) का आयोजन किया गया। इस बैठक में जामताड़ा जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक सहित कार्यालय के सभी शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा-व्यवस्था और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।  समीक्षा बैठक में पिछले महीने पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के आंकड़े भी सामने रखे गए: जिसमें वारंट निष्पादन/गिरफ्तारी: माह अगस्त 2026 में जिले के भीतर कुल 286 फरार या वारंट वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वांछित अभियुक्तों की जेल: विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित चल रहे कुल 35 अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा। एसपी के मुख्य दिशा-निर्देश, महिला एवं बाल अपराध: सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों पर तुरंत और संवेदनशील होकर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साइबर अपराधियों पर पूर्ण अंकुश: एसपी ने सख्त लहजे में कहा कि जामतारा में साइबर ठगी करने वाले अपराधियों के खिलाफ खुफिया सूचनाएं जुटाकर लगातार छापेमारी की जाए। साइबर अपराध में संलिप्त अपराधियों की हर हाल में गिरफ्तारी हो और इस धंधे पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। जेल से छूटे अपराधियों पर नजर: क्षेत्र के गंभीर मामलों में शामिल रहे और हाल ही में जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का प्लान बैठक में अपराध नियंत्रण के लिए कई सुरक्षात्मक कदमों पर भी चर्चा हुई: सघन चेकिंग अभियान: बैंकों, एटीएम, ज्वेलरी शॉप और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित पुलिस बल तैनात रहेगा। एंटी क्राइम वाहन चेकिंग: पुलिस अब समय और स्थान बदल-बदल कर औचक रूप से एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाएगी। इसकी नियमित मॉनिटरिंग अनुमंडल पुलिस अधिकारी करेंगे। जनता से बेहतर संबंध और जन जागरूकता को लेकर एसपी ने पुलिस और जनता के बीच मित्रवत संबंध स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि थाना और अनुमंडल स्तर पर आम लोगों के बीच जाकर साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा के कानूनी अधिकार, बाल विवाह और 'डायन बिसाही' जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाए जाएं। अपराध गोष्ठी के समापन के बाद पुलिस केंद्र, जामताडा  में एक 'पुलिस सभा' भी आयोजित की गई, जहां पुलिसकर्मियों की सामूहिक समस्याओं को सुनकर उनके तुरंत निवारण के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी आदेश दिए गए।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट