Date: 09/09/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गया के मगध मेडिकल अस्पताल में जमकर चला लाठी , परिजन और सुरक्षा गार्ड हुआ भिड़ंत 

9/9/2026 12:21:37 PM IST

10
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : गया के मगध मेडिकल अस्पताल में एक बार फिर परिजन और सुरक्षा गार्डों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। सुबह अस्पताल परिसर में नवजात बच्चे की तबीयत की जानकारी लेने पहुंचे परिजनों को सुरक्षा गार्डों ने रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। जानकारी के मुताबिक, औरंगाबाद के रहने वाले परिजन अपने नवजात बच्चे का इलाज कराने मगध मेडिकल अस्पताल पहुंचे थे। बच्चे को दो सितंबर को अस्पताल के एनआईसीयू में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। परिवार के कई सदस्य अस्पताल पहुंचकर बच्चे की स्थिति की जानकारी लेने की कोशिश कर रहे थे। मंगलवार को भी परिजन डॉक्टर से मिलने पहुंचे, लेकिन इसी दौरान सुरक्षा गार्डों ने उन्हें रोक दिया। इसको लेकर परिजनों और गार्डों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और अधीक्षक कार्यालय के बाहर पोर्टिको में दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अब बड़ा सवाल यह है कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के साथ ऐसी स्थिति क्यों बन रही है? अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों के परिजनों के बीच समन्वय को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट