Date: 12/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

घर से चल रहा था गांजे का कारोबार, 1299 पुड़िया के साथ दो को पुलिस ने दबोचा

9/11/2026 7:32:46 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजादनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वारिश कॉलोनी के बेहरा बगान रोड नंबर-4 स्थित एक मकान में छापेमारी कर 3 किलो 680 ग्राम गांजा और गांजे की 1299 पुड़िया बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने गांजा के अलावा 6 हजार 590 रुपये नकद, एक कीपैड मोबाइल, गांजा पैक करने के लिए प्लास्टिक रेपर और बिक्री का भुगतान लेने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे दो क्यूआर कोड भी बरामद किए हैं। इसके अलावा ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड समेत अन्य सामान भी पुलिस के हाथ लगा है। इस बात की जानकारी  सिटी एसपी ललित मीणा ने मिडिया को दी। उन्होंने बताया की  आजादनगर थाना पुलिस को 10 सितंबर को सूचना मिली थी कि वारिश कॉलोनी के बेहरा बगान रोड नंबर-4 स्थित एक मकान से गांजे की अवैध बिक्री और आपूर्ति की जा रही है। सूचना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने मकान में विधिवत तलाशी ली। इस दौरान 3.680 किलोग्राम गांजा 1299 पुड़ियों में पैक मिला। पुलिस ने मौके से 59 वर्षीय बिनीता तिर्की और 69 वर्षीय अब्दुल शकील को गिरफ्तार किया। प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि मकान का इस्तेमाल गांजे को छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक करने और उसकी बिक्री के लिए किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, गांजा बुंडू, रांची निवासी धोनी नामक व्यक्ति से मंगाया जाता था और आजादनगर, कपाली तथा मानगो के आसपास के इलाकों में इसकी बिक्री की जाती थी। इस मामले में आजादनगर थाना में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, पूछताछ में सामने आए बुंडू निवासी धोनी की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट