Date: 14/09/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दुबई भागने से पहले पकड़ा गया प्रिंस खान का भाई बंटी , फर्जी पासपोर्ट और वीजा बरामद, भाई का खोला राज !

9/14/2026 4:58:38 PM IST

37
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार बंटी खान फर्जी दस्तावेजों के सहारे दुबई भागने की तैयारी में था। अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़कर विदेश निकल पाता, इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से वैध और फर्जी पासपोर्ट के साथ वीजा भी बरामद किए गए हैं।
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बैंक मोड़ थाना में प्रेस वार्ता कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बंटी खान के खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश समेत एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। लंबे समय से धनबाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली थी कि बंटी खान कोलकाता में छिपा हुआ है और वहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ान के जरिए दुबई भागने की फिराक में है। इसके बाद धनबाद पुलिस की विशेष टीम कोलकाता भेजी गई। पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से संभावित ठिकाने पर कार्रवाई कर बंटी खान को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पास से वैध पासपोर्ट के अलावा फर्जी पासपोर्ट और वीजा भी मिले हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन फर्जी दस्तावेजों की व्यवस्था किसने की और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ धनबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इससे पहले गिरोह के मुख्य गुर्गे मेजर उर्फ सैफी को भी कोलकाता एयरपोर्ट से दुबई भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किया गया था। अब बंटी खान की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है।
एसएसपी के अनुसार, बंटी खान से पूछताछ के बाद गिरोह के रंगदारी नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और विदेश में सक्रिय सदस्यों से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं। फिलहाल बंटी खान को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस रिमांड लेकर उससे आगे की पूछताछ करेगी। वहीं इस दौरान धनबाद पुलिस ने गिरफ्तार बंटी खान का सड़क पर परेड भी निकाला। इस दौरान उसके हाथों में हथकड़ी और कमर में कानून का रस्सा बंधा था और खाखी वर्दी में पुलिस कर्मी उसके इर्दगिर्द साथ-साथ सड़क पर चल रहे थें। जिसे देखने के लिए कुछ समय के लिए लोग सड़क पर गाड़ियां रोक दी।
 
धनबाद से कोयलांचल लाइव के लिए दीपक की रिपोर्ट