Date: 13/09/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

शराब के पैसों का हिसाब मांगने पर बाप से भिड़ा नाबालिग बेटा, रॉड से गर्दन पर वार; हुई मौत

9/13/2026 6:41:32 PM IST

12
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र के बरमा गांव में रविवार को शराब के पैसों के हिसाब को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि नाबालिग बेटे संदीप मांझी ने बस का पहिया खोलने वाले लोहे के रॉड से अपने पिता दीपा मांझी की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बरमा गांव निवासी करीब 50 वर्षीय दीपा मांझी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, करीब दो दिन पहले दीपा मांझी की पत्नी ने बेटे संदीप को देसी शराब लाने के लिए पैसे दिए थे। आरोप है कि संदीप ने देसी शराब नहीं खरीदी और उन पैसों से अंग्रेजी शराब पीने लगा। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था।
रविवार दोपहर संदीप एक निजी स्कूल की बस का पहिया बदल रहा था। इसी दौरान उसके पिता और मां वहां पहुंचे और शराब के लिए दिए गए पैसों का हिसाब मांगने लगे। इसी दौरान दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्से में संदीप ने रॉड से पिता की गर्दन पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर गुरुआ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घटना की मूल वजह का पता लगाया जा रहा है।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट