Date: 23/09/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 विश्व रेबीज जागरूकता सप्ताह (22 से 28 सितम्बर 2026) थीम *“Stronger Together”* पर उपयुक्त ने जिलेवासियों से रेबीज से बचाव के लिए जागरूक एवं सतर्क रहने की अपील की .......

9/23/2026 1:43:41 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtara :  विश्व रेबीज जागरूकता सप्ताह (22 से 28 सितम्बर 2026) थीम *“Stronger Together”* पर मनाया जा रहा है। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी, जामताड़ा, श्री आलोक कुमार (भा०प्र०से०)ने जिलेवासियों से रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए जागरूक एवं सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रेबीज एक जानलेवा बीमारी है, लेकिन समय पर उचित उपचार एवं पूर्ण टीकाकरण से इससे बचाव पूरी तरह संभव है। कुत्ते, बिल्ली, बंदर आदि संक्रमित जानवरों के काटने अथवा खरोंचने से रेबीज का संक्रमण हो सकता है। इसलिए किसी भी पशु के काटने या खरोंचने की घटना को हल्के में न लें और तत्काल आवश्यक चिकित्सा सहायता प्राप्त करें।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि पशु के काटने या खरोंचने की स्थिति में घाव को तुरंत साबुन एवं बहते हुए साफ पानी से अच्छी तरह धोएं। घाव पर मिर्च, सरसों का तेल, चूना, मिट्टी अथवा किसी अन्य घरेलू पदार्थ का प्रयोग न करें। इसके बाद बिना विलंब किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र/एंटी रेबीज क्लिनिक में जाकर चिकित्सकीय परामर्श लें तथा चिकित्सक द्वारा निर्धारित एंटी रेबीज वैक्सीन का पूरा कोर्स अवश्य पूरा करें।
उपायुक्त ने आगे कहा कि रेबीज से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिले के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों एवं मेडिकल कॉलेजों में एंटी रेबीज वैक्सीन की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार, आसपास के लोगों तथा बच्चों को भी पशुओं से सुरक्षित व्यवहार और रेबीज से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी, समय पर उपचार और पूरा टीकाकरण किसी की जिंदगी बचा सकता है। उन्होंने पुनः अपील कर कहा कि पशु के काटने अथवा खरोंचने की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल घाव की सफाई कर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार टीकाकरण पूरा कराएं।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट