Date: 29/11/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

ट्रेन में आग और 72 घायल! गोमो स्टेशन पर रेलवे-NDRF का महाअभ्यास..

11/29/2026 3:42:09 PM IST

26
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gomo : धनबाद रेल मंडल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन, गोमो में रविवार को अचानक उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गया-गोमो मेमू ट्रेन को दुर्घटनाग्रस्त दिखाया गया। ट्रेन की एक बोगी में आग लगने और यात्रियों की चीख-पुकार के बीच रेलवे की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गईं। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल से लेकर राहत एवं बचाव एजेंसियों तक हलचल तेज हो गई। हालांकि, यह कोई वास्तविक रेल दुर्घटना नहीं, बल्कि आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित मॉक एक्सरसाइज थी। इस दौरान 72 घायलों को ट्रेन की बोगी से निकालने का अभ्यास किया गया। गोमो स्टेशन पर रेलवे की ओर से आयोजित इस मॉक ड्रिल में दुर्घटना का ऐसा दृश्य तैयार किया गया, जिसे देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्री भी कुछ देर के लिए सहम गए। गया-गोमो मेमू ट्रेन को दुर्घटनाग्रस्त दिखाया गया और एक बोगी में आग लगने के साथ यात्रियों के बीच चीख-पुकार का माहौल बनाया गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल सक्रिय हुआ। इसके बाद टीआरडी विभाग, दुर्घटना राहत यान और आरपीएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। बोगी में फंसे 72 घायलों को बाहर निकालने का अभ्यास किया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद के SNMMCH भेजने की व्यवस्था दिखाई गई। इधर, सूचना मिलने पर रांची से पहुंची NDRF की टीम ने भी मोर्चा संभाला और बचाव अभियान में हिस्सा लिया। रेलवे और तमाम आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने मिलकर संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य को अंजाम दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम को देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, रेलवे की ओर से मॉक ड्रिल होने की जानकारी दिए जाने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो गई। NDRF कमांडर सूरज कुमार ने बताया कि इस मॉक एक्सरसाइज का मुख्य उद्देश्य रेल दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में रेलवे, NDRF और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। इसके जरिए सभी एजेंसियों के रिस्पॉन्स टाइम की जांच की जाती है, ताकि वास्तविक दुर्घटना के समय कम से कम समय में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।
 

कोयलांचल लाइव डेस्क