Date: 16/11/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दौड़ा धनबाद, गूंजा स्वच्छता का संदेश! 35 लाख लोगों से जुड़ने की अपील
 

11/15/2026 12:35:55 PM IST

45
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad :  धनबाद को स्वच्छ और सुंदर बनाने के संकल्प के साथ रविवार को पूरा शहर दौड़ता नजर आया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ का भव्य आयोजन किया गया। रणधीर वर्मा चौक से शुरू हुई इस जागरूकता दौड़ में नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया। दौड़ के जरिए लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। वहीं, अधिकारियों ने धनबादवासियों से अपील की कि अगर शहर की 35 लाख आबादी रोजाना सिर्फ 10 मिनट स्वच्छता के लिए दे, तो धनबाद को चमन बनने से कोई नहीं रोक सकता। स्वच्छ धनबाद, सुंदर धनबाद और स्वस्थ धनबाद... इसी संकल्प के साथ रविवार को शहर की सड़कों पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। मौका था ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ यानी स्वच्छता के लिए दौड़ का। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 15 से 28 नवंबर तक आयोजित कार्यक्रमों के तहत इस विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। रणधीर वर्मा चौक से शुरू हुई यह दौड़ करीब ढाई किलोमीटर तक चली। इसमें धनबाद नगर निगम के पदाधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए। बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। दौड़ के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, दौड़ समाप्त होने के बाद प्रतिभागियों ने सड़क और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि शहर को स्वच्छ रखना सिर्फ नगर निगम या सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। जब तक लोग खुद गंदगी फैलाना बंद नहीं करेंगे, तब तक स्वच्छ धनबाद का सपना पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने लोगों से अपील की कि कूड़ा हमेशा कूड़ेदान में डालें और सफाई को अपनी रोजमर्रा की आदत बनाएं। जिस तरह हम अपने घर को साफ रखते हैं, उसी तरह सड़क, तालाब और सार्वजनिक स्थलों को भी साफ रखना हमारी जिम्मेदारी है। अधिकारियों ने धनबादवासियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि करीब 500 सफाईकर्मियों वाली एजेंसी 35 लाख की आबादी वाले शहर को अकेले साफ नहीं रख सकती। लेकिन अगर शहर के सभी 35 लाख लोग रोजाना सिर्फ 10-10 मिनट स्वच्छता के लिए निकालें, तो धनबाद की तस्वीर बदल सकती है और यह शहर सचमुच चमन बन सकता है। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने महापर्व छठ की संध्या अर्घ्य पर सभी व्रतियों और जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ धनबाद बनाने के लिए आम लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क |