Date: 29/09/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

घर में सोई हुई बच्ची को करैत सांप ने तीन बार डंसा, शेखपुरा ले जाने के दौरान रास्ते में मौत.....

9/29/2026 1:15:29 PM IST

20
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamui : जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड क्षेत्र के मटिया मोहनपुर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। घर में चौकी पर सोई हुई 9 वर्षीय बच्ची को करैत सांप ने हाथ में तीन बार डंस लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान विसुंदेव बिंद की पुत्री संजना कुमारी (उम्र 9 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि बच्ची घर में चौकी पर सोई हुई थी। इसी दौरान करैत सांप चौकी पर चढ़ गया और बच्ची के हाथ में तीन जगह पर डस लिया। डसने के बाद बच्ची की आंख खुली और उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिवार वालों ने फौरन सांप को मार दिया और बच्ची को इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई में भर्ती कराया।
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान बच्ची की तबीयत लगातार बिगड़ती गई, जिसके बाद डॉक्टर ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिवार के लोग बच्ची को लेकर शेखपुरा के लिए रवाना हुए, लेकिन शेखपुरा पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
इसके बाद शव को घर लाया गया और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर सोमवार शाम 6 बजे सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
बताया जाता है कि मृतका पांच बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी मौत के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
 
जमुई से कोयलांचल लाइव के लिए पुरुषोत्तम कुमार की रिपोर्ट