Date: 29/09/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 पितृपक्ष मेले में 12 साल से गयाजी में हजारों श्रद्धालुओं की सेवा के लिए पंजाब की टीम ने लगाया लंगर; रोज 8 से 10 हजार श्रद्धालु यहां करते हैं भोजन ...

9/29/2026 1:15:29 PM IST

17
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : पितृपक्ष मेले में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए गयाजी में पंजाब की टीम पिछले 12 वर्षों से लंगर चला रही है। वर्ष 2014 में शुरू हुआ यह लंगर आज हजारों श्रद्धालुओं के लिए भोजन और सेवा का सहारा बना हुआ है। पंजाब निवासी विजय गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2013 में वे पूजा कराने के लिए गयाजी आए थे। उस दौरान दिनभर पूजा के बाद भोजन की परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी अनुभव के बाद उन्होंने अपने तीन-चार दोस्तों के साथ मिलकर श्रद्धालुओं के लिए लंगर शुरू करने का निर्णय लिया। दोस्तों ने आपस में सहयोग राशि जुटाई और वर्ष 2014 में पहली बार लंगर की शुरुआत की गई।
लंगर में सुबह करीब 5 बजे से चाय, 8 बजे नाश्ता और इसके बाद दिनभर भोजन की व्यवस्था रहती है। प्रतिदिन करीब 8 से 10 हजार श्रद्धालु यहां भोजन करते हैं। पंजाब से आए हलवाई और पूरी टीम पंजाबी शैली में पराठा, कढ़ी, राजमा, चावल सहित विभिन्न व्यंजन तैयार करती है।
इस सेवा में 76 वर्षीय रामप्रकाश गुप्ता भी पूरी सक्रियता से जुटे हैं। वर्ष 2018 से लंगर सेवा से जुड़े रामप्रकाश गुप्ता अपने ग्रुप के सबसे वरिष्ठ सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि रिटायरमेंट के बाद घर बैठने के बजाय साथियों के साथ गयाजी आकर श्रद्धालुओं की सेवा करना बेहतर लगा।
करीब 18-19 दिनों तक चलने वाली इस सेवा में टीम का उद्देश्य देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को बिना किसी भेदभाव के भोजन उपलब्ध कराना और उनकी सेवा करना है।
 
गया से कोयलांचल लाइव की लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट