Date: 04/10/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मलयपुर बाईपास में ADM के स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार प्राइवेट कंपाउंडर घायल, परिजनों का आक्रोश...

10/3/2026 2:34:22 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamjui : जमुई जिले के मलयपुर बाईपास में शुक्रवार की रात करीब 9 बजे ADM की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार प्राइवेट कंपाउंडर बुरी तरह घायल हो गए। घायल कंपाउंडर की पहचान लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के मटिया निवासी मिश्री यादव के पुत्र बीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वे जमुई से बाइक पर सवार होकर अपने घर मटिया लौट रहे थे, तभी मलयपुर बाईपास में ADM की स्कॉर्पियो से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के तुरंत बाद ADM के निर्देश पर सुरक्षा कर्मियों ने घायल को उसी स्कॉर्पियो से सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर आरसी प्रसाद ने इलाज शुरू किया। पैर में फ्रैक्चर और शरीर पर गंभीर चोट होने के कारण हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज साह को भी बुलाया गया। फिलहाल घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उधर सदर अस्पताल में खड़ी ADM की स्कॉर्पियो को परिजनों और ग्रामीणों ने घेर लिया और जमकर आक्रोश जताया। मौके पर पहुंची टाउन थाना पुलिस के साथ भी नोकझोंक हुई। ग्रामीण स्कॉर्पियो को थाना ले जाने का विरोध करने लगे, बाद में FIR दर्ज करने के आश्वासन पर गाड़ी को थाना ले जाया गया।  जानकारी के अनुसार 03 अक्टूबर को दिन के 11 बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी चकाई में एथेनॉल प्लांट का निरीक्षण करने वाले हैं। इसी कार्यक्रम की तैयारी कर ADM स्थल से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
 

जमुई से कोयलांचल लाइव के लिए पुरुषोत्तम कुमार की रिपोर्ट