Date: 04/10/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

केनरा बैंक डकैती में बड़ा खुलासा: पुलिस ने 5 डकैतों की तस्वीरें की जारी,दो-दो लाख का इनाम घोषित ,गिरफ्तारी के लिए 20 टीमें कर रहीं छापेमारी...

10/4/2026 12:45:17 PM IST

6
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : बिहार-बंगाल के डकैतों ने केनरा बैंक लूटा,पांच डकैतों की तस्वीरें जारी, गिरफ्तारी के लिए 20 पुलिस टीमें कर रहीं छापेमारी। झारखण्ड के सबसे बड़ी बैंक डकैती का अब तक जमशेदपुर पुलिस ने खुलासा नहीं कर सका। गोलमुरी केनरा बैंक से 23 किलो सोना ( 36 करोड़ कीमत )और 43 लाख रुपये लूटने वाले डकैतों की पहचान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से कर ली है। 24 सितंबर को डकैती हुई थी। पुलिस ने पांच डकैतों की तस्वीर और नाम-पता जारी करते हुए लोगों से सूचना देने की अपील की है। इनपर दो-दो लाख रुपये इनाम घोषित किया गया है। डकैतों में बिहार के समस्तीपुर जिले के चैत थाना क्षेत्र निवासी प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार, पटना के धनकडोभ के गोसाई गांव निवासी अक्षय कुमार उर्फ साका और व पश्चिम बंगाल के रानीगंज के तालपुकुर बस्ती गिरियापाड़ा निवासी अमन सिंह शामिल हैं। दो अन्य डकैतों का नाम-पता नहीं मिल पाया है। इन डकैतों की तलाश में एसआइटी की 20 टीमें बिहार, बंगाल और ओडिशा के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, डकैती के बाद आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे हैं। उनकी गतिविधियों और संभावित भागने के रास्तों की जानकारी जुटाने के साथ पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि तस्वीरें सार्वजनिक होने और इनाम घोषित किए जाने के बाद फरार आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी आरोपित के संबंध में जानकारी मिलने पर वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस अधीक्षक (नगर), नगर डीएसपी या गोलमुरी थाना प्रभारी को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट