Date: 04/10/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

एसएनएमएमसीएच से ‘सुरक्षा जांच केंद्र’ तक मरीजों का कनेक्शन! इंटर्न डॉक्टरों पर गंभीर आरोप

10/3/2026 4:13:38 PM IST

81
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad :  शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) के सर्जरी विभाग में मरीजों को अस्पताल से बाहर निजी जांच केंद्र भेजे जाने का मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कई मरीजों ने मौखिक रूप से अस्पताल प्रबंधन को बताया कि सर्जरी विभाग के कुछ इंटर्न मरीजों को अस्पताल के समीप स्थित निजी जांच केंद्र में जांच कराने की सलाह दे रहे थे।
 
मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रबंधन ने सर्जरी विभाग के एचओडी को पत्र भेजकर संबंधित इंटर्न चिकित्सकों से स्पष्टीकरण मांगने और नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
 
वरीय अस्पताल प्रबंधक डॉ. सीएस सुमन ने बताया कि संबंधित चिकित्सकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने कहा कि मरीजों को निजी जांच केंद्र भेजने से जुड़े मामले मेडिकल एथिक्स के विपरीत हैं और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
 
पथरी के मरीजों को एमआरसीपी जांच की सलाह का आरोप
 
मामले में आरोप है कि सर्जरी विभाग में आने वाले पथरी के कुछ मरीजों को सामान्य अल्ट्रासाउंड के बजाय एमआरसीपी जांच कराने की सलाह दी गई। इसके बाद मरीजों को अस्पताल के पास स्थित एक निजी डायग्नोस्टिक सेंटर में जांच कराने के लिए कहा गया।
 
बताया जा रहा है कि एमआरसीपी जांच के लिए मरीजों से करीब 6 हजार रुपये तक लिए जाने की बात सामने आई है। साथ ही जांच केंद्र से चिकित्सकों को कथित कमीशन दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और अस्पताल प्रबंधन की विस्तृत जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
 
निजी जांच केंद्र पर भी उठ रहे सवाल
 
इधर, जिस निजी जांच केंद्र का नाम इस पूरे मामले में सामने आ रहा है, वहां की जांच व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से जांच होती है तो सुरक्षा  जांच केंद्र की व्यवस्थाओं और दस्तावेजों से जुड़े कई पहलुओं की भी पड़ताल हो सकती है।
 
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को किसी खास निजी जांच केंद्र तक भेजा जा रहा था? अगर ऐसा पाया जाता है तो इसके पीछे की वजह क्या थी और इसमें किसी तरह का आर्थिक लेन-देन हुआ या नहीं? इन सभी सवालों का जवाब अस्पताल प्रबंधन की जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। 
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क