Date: 10/10/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

अपराध नियंत्रण को लेकर SSP प्रभात कुमार हुए सख्त, धनबाद पुलिस ने सितंबर में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर वसूला गया 68.35 लाख रुपये का जुर्माना

10/10/2026 2:40:48 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर धनबाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में SSP ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक कर जिले में अपराध की स्थिति, लंबित कांडों के निष्पादन, वारंटों के निष्पादन, यातायात नियमों के अनुपालन, चोरी और गृहभेदन की घटनाओं तथा साइबर अपराध की रोकथाम की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सभी थाना प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
 
समीक्षा बैठक के दौरान सितंबर माह में जिले में अपराध में कमी आने की बात कही गई। SSP के अनुसार, इस अवधि में जिले में कोई बड़ी आपराधिक वारदात नहीं हुई। वहीं, संगठित अपराध की एक घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर उद्भेदन कर लिया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। सितंबर माह में विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कुल 68 लाख 35 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
 
IT एक्ट के मामलों के निष्पादन पर विशेष जोर
 
धनबाद पुलिस अब साइबर अपराध से जुड़े मामलों और IT एक्ट के तहत दर्ज कांडों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दे रही है। समीक्षा बैठक में SSP ने इन मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
 
SSP ने बताया कि 1 अक्टूबर से रात्रि गश्ती को अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाना है। पुलिस को उम्मीद है कि गश्ती व्यवस्था मजबूत होने से अक्टूबर माह में चोरी की घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।
 
दुर्गापूजा को लेकर पुलिस अलर्ट
 
दुर्गापूजा को देखते हुए SSP ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। चोरी की आशंका वाले स्थानों की पहचान करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और नियमित गश्ती बढ़ाने को कहा गया है, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
 
बैठक के अंत में SSP ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। धनबाद पुलिस का जोर अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर है।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क