Date: 24/11/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

राजापुर आउटसोर्सिंग की ब्लास्टिंग या लोगों की जान से खिलवाड़? घरों में गिरे पत्थर, तीन घायल!

11/24/2026 12:32:54 PM IST

2
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के झरिया में बीसीसीएल की राजापुर आउटसोर्सिंग में की गई हैवी ब्लास्टिंग ने रिहायशी बस्ती के लोगों की जान खतरे में डाल दी। ब्लास्टिंग के दौरान माइंस से उड़े बड़े-बड़े पत्थर कोरीबांध बस्ती के कई घरों में जा गिरे। इस घटना में एक बुजुर्ग महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने राजापुर आउटसोर्सिंग पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान ग्रामीणों और वार्ता करने पहुंचे राजापुर के पीओ के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। ग्रामीणों ने प्रबंधन पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है। बताया जाता है कि बीसीसीएल के बस्ताकोला क्षेत्र अंतर्गत राजापुर आउटसोर्सिंग में हैवी ब्लास्टिंग की गई थी। ब्लास्टिंग इतनी तेज थी कि माइंस से उड़े पत्थर सीधे कोरीबांध बस्ती के घरों में जा गिरे। अचानक पत्थरों की बारिश से लोगों में दहशत फैल गई। इस घटना में एक बुजुर्ग महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना से नाराज बड़ी संख्या में ग्रामीण राजापुर आउटसोर्सिंग पहुंच गए और प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि आउटसोर्सिंग परियोजना से कोरीबांध बस्ती महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद डीजीएमएस के सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर बिना पर्याप्त सुरक्षा जाली के ब्लास्टिंग की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ब्लास्टिंग के दौरान उड़ने वाले पत्थर कभी घरों की छत तो कभी आंगन में गिरते हैं। इससे न सिर्फ घरों में रहने वाले लोगों की जान खतरे में है, बल्कि सड़क पर चलने वाले राहगीरों और बस्ती में खेलने वाले बच्चों पर भी हर वक्त हादसे का खतरा मंडराता रहता है। लोगों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार प्रबंधन से शिकायत की गई, लेकिन हर बार आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। ग्रामीणों से बातचीत करने पहुंचे राजापुर के पीओ को भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। इस दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की की घटना भी हुई। ग्रामीणों ने मांग की है कि ब्लास्टिंग से घायल लोगों को उचित मुआवजा दिया जाए, प्रभावित घरों को हुए नुकसान की भरपाई हो और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही रिहायशी इलाके को खतरे में डालने वाली इस तरह की ब्लास्टिंग पर रोक लगाई जाए। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि प्रबंधन ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की तो राजापुर आउटसोर्सिंग का चक्का जाम कर दिया जाएगा। फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर कोयलांचल में कोयला उत्पादन और रिहायशी इलाकों की सुरक्षा के बीच खड़े बड़े सवाल को सामने ला दिया है। अब देखना होगा कि बीसीसीएल प्रबंधन ग्रामीणों की मांगों पर क्या कार्रवाई करता है और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
 
 

संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क