Date: 15/10/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

BSS  महिला महाविद्यालय में हड़ताल से ठप हुई गतिविधियां, छह महीने से वेतन नहीं मिलने पर शिक्षकों का धरना, डांडिया कार्यक्रम रद्द होने से छात्राओं में नाराजगी....

10/15/2026 1:02:59 PM IST

13
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad :- धनबाद के प्रतिष्ठित बीएसएस महिला महाविद्यालय में इन दिनों स्थिति गंभीर बनी हुई है। पिछले छह महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। वहीं, दूसरी ओर कॉलेज में आयोजित होने वाला डांडिया कार्यक्रम अचानक रद्द होने से छात्राओं में भी भारी नाराजगी देखने को मिली। व्हाट्सएप ग्रुप पर कार्यक्रम की सूचना मिलने के बाद दूर-दराज से कॉलेज पहुंची छात्राओं को बिना कार्यक्रम में शामिल हुए ही वापस लौटना पड़ा। कर्मचारियों ने बकाया वेतन भुगतान होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है। शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले छह महीने से वेतन नहीं मिला है। अक्टूबर महीने को जोड़ने पर यह अवधि सात महीने तक पहुंच रही है। कर्मचारियों के अनुसार, इस संबंध में कई बार प्राचार्या से गुहार लगाई गई और लिखित आवेदन भी दिया गया, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला। कर्मचारियों का कहना है कि दुर्गा पूजा से पहले 12 अक्टूबर को भी वेतन भुगतान को लेकर आवेदन दिया गया था। इसके बाद सचिव से मिलने की बात कही गई। कर्मचारियों ने 14 अक्टूबर तक भुगतान के लिए समय देते हुए अपनी परेशानी से अवगत कराया, लेकिन उनकी मांग पर कोई ठोस पहल नहीं हुई। कर्मचारियों का आरोप है कि प्रभारी प्राचार्या बिना किसी पूर्व सूचना के अपना आवेदन देकर चली गईं। इसके बाद मजबूर होकर उन्हें अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठने का फैसला लिया और धरने पर बैठ गए। 
इधर, कॉलेज में डांडिया कार्यक्रम रद्द होने से छात्राओं का गुस्सा भी सामने आया। छात्राओं के मुताबिक, व्हाट्सएप ग्रुप पर सुबह 11 बजे डांडिया कार्यक्रम आयोजित होने का संदेश दिया गया था। इसी सूचना के आधार पर छात्राएं कॉलेज पहुंचीं, लेकिन वहां कार्यक्रम नहीं हुआ। छात्राओं का आरोप है कि उन्हें इसकी जानकारी देने के लिए कोई दूसरा संदेश भी नहीं भेजा गया और हड़ताल के कारण उन्हें मुख्य गेट से ही वापस लौटना पड़ा। दूर-दराज से आई छात्राओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर कार्यक्रम रद्द किया गया था, तो इसकी सूचना पहले ही दे दी जानी चाहिए थी। इससे उनका समय और आने-जाने का किराया दोनों बर्बाद हुए। छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाए।
 फिलहाल, बीएसएस महिला महाविद्यालय में एक ओर वेतन भुगतान की मांग को लेकर कर्मचारियों का आंदोलन जारी है, तो दूसरी ओर डांडिया कार्यक्रम रद्द होने से छात्राओं में नाराजगी है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। ऐसे में कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली और वेतन भुगतान का मामला चर्चा में है। अब देखना होगा कि प्रबंधन इस समस्या का समाधान कब तक निकालता है।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क।