Date: 18/10/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मुंगेर में सिगरेट के 22,500 खाली डिब्बे बरामद, दो गिरफ्तार ...

10/17/2026 4:14:31 PM IST

21
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Munger :- इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चुरंबा में पुलिस ने सिगरेट के खाली डिब्बों से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की कार्रवाई में विभिन्न ब्रांडों के करीब 22 हजार 500 खाली डिब्बे, 1,600 आउटर, 12 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। आखिर खाली डिब्बों के इस कारोबार के पीछे क्या कहानी है?  मुंगेर के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चुरंबा में पुलिस ने छापेमारी कर सिगरेट के खाली डिब्बों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। बरामद डिब्बों में गोल्ड फ्लेक, कैप्टन चांस और फ्लेक समेत चार ब्रांडों के करीब 22 हजार 500 खाली डिब्बे शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने लगभग 1,600 आउटर, 12 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। थाना प्रभारी के मुताबिक, इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी संख्या में सिगरेट के खाली डिब्बे कहां से लाए जा रहे थे और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।पुलिस के अनुसार, सिगरेट का निर्माण कहीं और किया जाता है। खाली डिब्बे कथित तौर पर दुकानदारों से एक रुपये प्रति डिब्बे की दर से खरीदे जाते थे और उनकी सफाई भी दूसरे स्थान पर की जाती थी। हालांकि, इस पूरी प्रक्रिया में गिरफ्तार आरोपितों की वास्तविक भूमिका क्या थी, इसकी जांच जारी है। वहीं, गिरफ्तार आरोपित ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। उसका दावा है कि वह बड़ी दुर्गा मेले में खिलौने बेच रहा था। इसी दौरान उसके एक दोस्त ने उसे बुलाया और बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित का कहना है कि उसका इस कारोबार से कोई लेना-देना नहीं है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि सिगरेट के खाली डिब्बों को जमा करने के पीछे क्या मकसद था और इस मामले में अन्य लोगों की कोई भूमिका है या नहीं।

 

 

मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट |